बिजनौर: कारोबारी तालिब बंधुओं ने पूर्व सांसद पर किया हमला, वीडियो वायरल प्रशासनिक टीम की जांच के वक्त प्लाईवुड फैक्टरी में पहुंचे पूर्व सांसद कारोबारी बंधुओं ने आरोप लगाया कि पूर्व सांसद उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग कर रहे थे।
बिजनौर प्रशासनिक टीम की जांच के वक्त प्लाईवुड फैक्टरी में पहुंचे पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह पर तालिब बंधुओं ने हमला कर दिया। गोली मारने की धमकी दी और गाली गलौज की। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें गनर से कार्बाइन छीनने का प्रयास करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में तालिब बंधुओं पर प्राथमिकी दर्ज कर ली।

बाद में तालिब बंधुओं ने थाने पहुंचकर खुद पर चाकू से हमला होने और तालिव बंधुओं ने मीडिया के सामने पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए। कारोबारी बंधुओं ने आरोप लगाया कि पूर्व सांसद उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग कर रहे थे।
देर शाम तीनों अभियुक्त खालिद, तालिव और आबिद को गिरफ्तार कर लिया गया है।चांदपुर मार्ग पर तालिव बंधु की प्लाईवुड फैक्टरी को प्रशासन ने सील कर दिया था। सील लगी होने के बावजूद भी इस फैक्टरी की कुछ मशीन चलाई जा रही थी, जिसकी ड्रोन से वीडियो बनाने के बाद प्रशासन से शिकायत की गई।
पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह की शिकायत के बाद बुधवार को एडीएम न्यायिक जांच करने के लिए फैक्टरी में पहुंचे। इसी जांच के वक्त पूर्व सांसद भी फैक्टरी में पहुंच गए, जिन्हें देखकर तालिब बंधु आग बबूला हो गए।उन्होंने पूर्व सांसद को गोली मारने की धमकी दी। साथ ही तालिब बंधु आत्महत्या करने की भी धमकी देने लगे। मामला बिगडता देख पूर्व सांसद फैक्टरी से निकलकर बाहर आ गए। वह अपनी गाड़ी में बैठकर मौके से निकलने ही वाले थे तभी तालिब बंधुओं ने पूर्व सांसद की गाड़ी को घेर लिया।
आरोप है कि खिड़की खोलकर पूर्व सांसद और उनके ड्राइवर को बाहर खींचने का प्रयास किया गया। गनर और पूर्व सांसद के एक समर्थक ने तालिब बंधुओं को गाड़ी से दूर करने का प्रयास किया तभी तालिब बंधुओं ने पूर्व सांसद ने गनर की कार्बाइन छीनने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने बीच बचाव करते हुए पूर्व सांसद को मौके से निकाल दिया। इसके बाद भी आरोपी पूर्व सांसद की गाड़ी के पीछे दौड़ते रहे।





