शीतला माता मंदिर में भगदड़, 8 महिलाओं की मौत मंदिर भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई जिसमें 8 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए।

बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ के मघड़ा गांव स्थित माता शीतलाष्टमी मंदिर में मंगलवार को चैत्र माह के आखिरी मंगलवार पर बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई जिसमें 8 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मंदिर और मेला को बंद करा दिया है प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शीतलाष्टमी के अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। मंगला मेला के कारण भीड़ और बढ़ गई थी। इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई।
मृतकों में से अब तक दो की पहचान हुई है। सकुन्त बिहार निवासी दिनेश रजक की पत्नी रीता देवी (50) और नूरसराय के मथुरापुर निवासी कमलेश प्रसाद की पत्नी रेखा देवी (45)। अन्य मृतकों की पहचान की जा रही है । रेखा देवी के पुत्र ने बताया कि उनकी मां मेला देखने गई थीं। “हजारों की भीड़ थी। सूचना मिलने पर हम पहुंचे और अस्पताल लाए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
वही लोगों का कहना है कि हर वर्ष यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।क्यो कि यहाँ के परंपरा के अनुसार इस दिन घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाता और एक दिन पहले बना ठंडा भोजन माता को भोग लगाया जाता है।
प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा बल और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम नहीं किए गए थे। वही प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।