विवाद में गवाही से पहले संदिग्ध हालात में दो युवकों की मौत मंगलवार को भी दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन देर रात दोनों की मौत हो जाने से मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है।
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के गोरडीहा गांव में मंगलवार रात दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए हैं और एक-दूसरे पर सीधे हत्या का आरोप लगा रहे हैं। गांव में तनावपूर्ण माहौल है, जबकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतकों की पहचान सौरव शर्मा और देवदत्त के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर एक दिन पहले दोनों पक्ष कोतवाली और पुलिस लाइन भी पहुंचे थे। मंगलवार को भी दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन देर रात दोनों की मौत हो जाने से मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है।
मृतक सौरभ शर्मा के परिजन का आरोप है कि यह महज सड़क हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। मृतक की बहन ने बताया कि उसका भाई घर पर था, लेकिन शाम को सूचना मिली कि उसकी हत्या कर दी गई है। गांव के कुछ लोगों ने बताया कि युवक को दौड़ाकर मारा गया।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। वहीं देवदत्त के परिजनों का कहना है कि उन्होंने पहले ही कोतवाली और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई थी।
आरोप है कि घटना वाले दिन वाहन से पीछा कर कई बार ओवरटेक किया गया और घर के पास ऑटो से उतरते ही बेटे को बाइक से टक्कर मार दी गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
इधर क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के अनुसार 30 मार्च की रात सूचना मिली थी कि सौरव शर्मा और देवदत्त के बीच विवाद के दौरान तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से दोनों घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज लोढ़ी भेजा गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।