आतंकी को दे दिया था क्लीनचिट, दरोगा निलंबित : लखनऊ में पकड़े गए संदिग्ध आतंकियों का मेरठ के आकिब खान से कनेक्शन दुबई में रहने वाले आकिब सामने आने के बाद बड़ा खुलासा हुआ है।

दरअसल, पिछले साल एक बड़े केस में आकिब को जनपद बिजनौर के थाना नांगल पुलिस ने क्लीनचिट दे दी थी। पुलिस ने उसके वीडियो बयान लिए थे और लिखापढ़ी में एके-47 को खिलौना बता दिया था। अब एसपी अभिषेक झा ने विवेचक और तत्कालीन थानाध्यक्ष नांगलसोती सत्येंद्र सिंह मलिक को निलंबित कर दिया है। नजीबाबाद सीओ नितेश प्रताप सिंह को हटा दिया है। विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
नांगलसोती थाना क्षेत्र के गांव सौफतपुर निवासी मैजुल पिछले तीन सालों से साउथ अफ्रीका में रहकर सैलून चलाता है। पिछले साल नवंबर में मैजुल की एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह इंस्टाग्राम पर वीडियो कॉल के जरिये चार लोगों से जुड़ा हुआ था। इस कॉल में आकिब खान ने एके 47 और हैंड ग्रेनेड का प्रदर्शन किया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो दरोगा विनोद कुमार ने 23 नवंबर 2025 को मैजुल निवासी सौफतपुर थाना नांगल बिजनौर, आकिब खान निवासी गांव सठला मवाना मेरठ और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी।
तत्कालीन थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह मलिक ने पहले मैजुल से संपर्क किया। वीडियो कॉल पर आकिब से बात की। वीडियो कॉल में आकिब ने एके-47 को खिलौना दिखाया, हैंड ग्रेनेड को परफ्यूम की बोतल बताया था। पुलिस ने उसकी बातों पर यकीन कर लिया। मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी अब चार संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद मामला पलट गया है।





