विज्ञापन

डिप्रेशन से जूझ रही महिला ने अपार्टमेंट से कूदकर दी जान

डिप्रेशन से जूझ रही महिला ने अपार्टमेंट से कूदकर दी जान पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास के लोगों और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

depression-se-joojh-rahi-mahila-ne-apartment-se-koodkar-di-jaan

वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र में स्थित सेंट्रल जेल मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां अवध अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल से कूदकर एक महिला ने आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 50 वर्षीय सीमा सिन्हा के रूप में हुई है, जो लंबे समय से मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रही थीं। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

आपको बता दें कि रविवार को सीमा सिन्हा अचानक अवध अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल से नीचे कूद गईं। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें गंभीर हालत में देखा गया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद शिवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास के लोगों और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। परिजनों के अनुसार, सीमा सिन्हा पिछले कई वर्षों से डिप्रेशन की समस्या से पीड़ित थीं और उनका इलाज भी चल रहा था।

उनके पति पंकज कुमार, जो सुल्तानपुर में बंदोबस्त अधिकारी के पद पर तैनात हैं, ने बताया कि सीमा को समय-समय पर चिकित्सकीय सहायता दी जाती थी, लेकिन उनकी मानसिक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा था।

पड़ोसियों के अनुसार, सीमा शांत स्वभाव की महिला थीं और आमतौर पर अपने घर तक ही सीमित रहती थीं। किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेंगी। शिवपुर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति सामने आती है तो उसके अनुसार विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। फिलहाल पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।

You Tube | Latest News

Scroll to Top