कंपनियों के तमाम दावों के बावजूद गैस सिलेंडर संकट में फिलहाल कमी नहीं दिख रही है। एजेंसियों के बाहर परेशान उपभोक्ता कतार लगा रहे हैं। रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती मांग के चीच साइबर ठग आपको झांसा दे सकते हैं।
वाराणसी, कंपनियों के तमाम दावों के बावजूद गैस सिलेंडर संकट में फिलहाल कमी नहीं दिख रही है। एजेंसियों के बाहर परेशान उपभोक्ता कतार लगा रहे हैं। जिनके पास घरेलू सिलेंडर नहीं है वे तो परेशान हैं ही जिनके पास उपलब्ध है वे भी भाग-दौड़ कर रहे हैं। उन्हें चिंता सता रही है कि ईरान युद्ध की आग उनके घर के चूल्हे न बुझा दे।
एजेंसियों पर मंगलवार को भी ग्राहकों की भीड़ थी। ज्यादातर लोग तीन कारणों से एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। कई ग्राहकों ने जब गैस सिलेंडर की बुकिंग की तो उन्हें बिना डिलीवरी इसका मैसेज भेजा रहा है। जिससे परेशान होकर लोग पूछताछ के लिए एजेंसियों पर आ रहे हैं। वहीं जिन घरों में दो से तीन कनेक्शन हैं लेकिन केवल एक से ही कई साल से सिलेंडर की आपूर्ति हो रही थी। अब भविष्य की चिंता को देखते हुए लोग अपने सभी कनेक्शन की केवाईसी कराने आ रहे हैं।

साइबर ठगों से रहें सावधान,गैस सिलेंडर के नाम पर धोखाधड़ी
रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती मांग के चीच साइबर ठग आपको झांसा दे सकते हैं। साइबर ठग गैस एजेंसी के नाम पर लोगों को फोन कर उन्हें ठगने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसी शिकायतें दूसरे जिलों में आ रही हैं। साइबर सेल ने आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
साइबर सेल के अनुसार उपभोक्ता जैसे ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करते हैं, कुछ ही देर बाद उनके पास एक फोन आता है। फोन करने वाला खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर तत्काल डिलीवरी का लालच देता है। बदले में उपभोक्ताओं से ओटीपी, बैंक डिटेल या ऑनलाइन पेमेंट करने को कह सकता है। दूसरे जिलों में सिलेंडर के लिए परेशान लोग इनके शिकार बन चुके हैं। साइबर सेल प्रभारी मनोज तिवारी का कहना है कि गैस एजेंसियां कभी फोन पर ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी नहीं मांगतीं। भुगतान केवल अधिकृत माध्यमों से किया जाता है। ऐसे में किसी भी संदिग्ध कॉल या मेसेज से सावधान रहें। इसे तुरंत काट दें और एजेंसी, आधिकारिक हेल्पलाइन पर संपर्क कर पुष्टि जरूर करें।
इसके अलावा कई ग्राहक ऐसे भी हैं जो किराए पर रहते हैं। मकान मालिक से रेंट एग्रीमेंट न मिलने के कारण अब तक उन्हें सिलेंडर की उपलब्धता में दिक्कत नहीं थी लेकिन अब इसके बिना सिलेंडर नहीं मिल रहा है। जिससे लोग परेशान हैं। चिना रेंट एग्रीमेंट के पांच किलो का घरेलू सिलेंडर भी नहीं दिया जा रहा है। मंगलवार को हनुमान, धर्म, विकास राजघाट, सहगल, महादेव, इंद्राणी, वाराणसी गैस एजेंसी समेत अन्य पर भीड़भाड़ रही। कुछ जगह तो कतारों में ग्राहकों को दो घंटे तक इंतजार भी करना पड़ा।
कब मिलेगा सिलेंडरः चिरईगांव के छाहीं गांव स्थित श्रीगणेश भारत गैस एजेंसी पर ग्राहक कई दिनों से चक्कर लगा रहे हैं। मंगलवार को ग्राहकों को जानकारी दी गई कि एजेंसी पर सिलेंडर नहीं है। उपभोक्ता रामविलास, अरुण कुमार, मनोज कुमार, राम आसरे राजभर, अमरजीत, शनि यादव ने बताया कि एक सप्ताह से एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं। यह भी नहीं बता रहे कि सिलेंडर कब मिलेगा। एजेंसी के मैनेजर शुभम वर्मा ने बताया कि जैसे ही सिलेंडर उपलब्ध होगा दिया जाएगा। नरपतपुर स्थित इन्द्रावती इण्डेन गैस एजेंसी पर सिलेंडर के लिए आये प्रशान्त चौबे, बदामा, रीना, दीपू ने बताया कि बुकिंग के बाद भी दौड़ाया जा रहा है।