सोनभद्र से मुम्बई के लिए नई ट्रेन का शुभारंभ, सांसद छोटेलाल खरवार ने बताया कि इस ट्रेन के संचालन के लिए उन्होंने सदन में आवाज उठाई थी और लिखित रूप से भी मांग की थी।

सोनभद्र के ओबरा डैम रेलवे स्टेशन से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां आज धनबाद से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच चलने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का भव्य शुभारंभ किया गया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और रॉबर्ट्सगंज सांसद छोटेलाल खरवार की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। नई ट्रेन सेवा से खासकर मुंबई जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
ओबरा डैम रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। सांसद छोटेलाल खरवार ने बताया कि इस ट्रेन के संचालन के लिए उन्होंने सदन में आवाज उठाई थी और लिखित रूप से भी मांग की थी। सांसद ने यह भी कहा कि कोरोना काल में बंद हुई अन्य ट्रेनों को भी जल्द दोबारा शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं मजदूरों के उत्पीड़न और वेतन से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा गर्मी में पानी की समस्या और क्षतिग्रस्त पुलिया जैसे स्थानीय मुद्दों पर भी सांसद ने समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में मौजूद जनता ने इस ऐतिहासिक पल को देखा।





