दुबई में बैठे आतंकी ने दी धमकी लुक आउट नोटिस जारी दुबई में बैठे मेरठ के आकिब ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर गालीगलौज की और धमकी दी है।

उत्तर प्रदेश की एटीएस पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़कर स्लीपर मॉडयूल में शामिल होने वाले संदिग्धों पर शिकंजा कस रही है। हाल ही में एटीएस ने मेरठ के साकिब उर्फ डेविल, अरबाब, गौतमबुद्धनगर के विकास उर्फ रौनक और लोकेश उर्फ पपला पंडित को गिरफ्तार किया था।
पकड़े गए संदिग्ध आतंकी साकिब का कनेक्शन मेरठ के ही रहने वाले आकिब से निकला। वह मेरठ के आकिब से इंस्टग्राम के जरिए जुड़ा हुआ था। साथ ही बिजनौर के गांव सौफतपुर का मैजुल भी आकिब के संपर्क में थाफिलहाल मैजुल साउथ अफ्रीका में रहकर सैलून का काम करता है। एसपी अभिषेक झा ने बताया कि मैजुल का लुक आउट नोटिस जारी कराया गया है। मैजुल के संपर्क में आए लोगों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस उनकी कुंडली खंगाल रही है। उधर दुबई में बैठे मेरठ के आकिब ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर गालीगलौज की और धमकी दी है। आकिब के निशाने पर मीडिया और सरकारी सिस्टम है। पिछले साल नवंबर माह में वायरल वीडियो में आकिब, मैजुल समेत चार लोग जुड़े हुए थे।
इसी वीडियो में आकिब ने एके-47 और हैंड ग्रेनेड का प्रदर्शन किया था। इस मामले में बिजनौर के थाना नांगल में 23 नवंबर को मैजुल निवासी सौफतपुर थाना नांगल बिजनौर, आकिब खान निवासी गांव सठला मवाना मेरठ और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
उस वक्त नांगल पुलिस ने आकिब से वीडियो कॉल पर बात करने के बाद केस को खत्म कर दिया था। एटीएस की जांच में इनका आतंकी कनेक्शन निकला तो बिजनौर पुलिस ने फिर से जांच खोल दी। अब पुलिस आरोपियों पर शिकंजा कसने के मूड में हैं। मैजुल के संपर्क में आए अन्य युवकों की भी तलाश की जा रही है।





