लोहता रिंग रोड फेज-2 पर बुलेट डिवाइडर से टकराई, एक युवक की मौत, दूसरा घायल बुलेट सवार दोनों युवक जौनपुर की तरफ से वाराणसी की ओर जा रहे थे।

वाराणसी में बुधवार देर शाम खेवसीपुर ओवरब्रिज रिंग रोड फेज-2 पर तेज रफ्तार बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार अंकित पांडेय (30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हंसराज विक्रम (29 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुलेट सवार दोनों युवक जौनपुर की तरफ से वाराणसी की ओर जा रहे थे। खेवसीपुर के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हुई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। हंसराज सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया। सूचना पर पहुंची लोहता पुलिस ने घायल हंसराज विक्रम को एंबुलेंस से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। मृतक अंकित पांडेय के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों युवक वाराणसी जिले के रहने वाले हैं।





