वाराणसी में बिजली चोरों पर एक्शन तेज कोई भी व्यक्ति अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करते पाया गया, तो उस पर भारी जुर्माने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई..

वाराणसी में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं द्वारा कनेक्शन कटने के बाद अवैध रूप से बिजली इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ बिजली विभाग और विजिलेंस की टीम ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को वाराणसी के नेवादा क्षेत्र में हुई बड़ी छापेमारी से अवैध बिजली उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया।
विद्युत उपकेंद्र नेवादा के अंतर्गत चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान दो उपभोक्ताओं को रंगे हाथों बिजली चोरी करते पकड़ा गया इसमें धर्मराज मौर्य (पुत्र हरिनाथ मौर्य) और सूबेदार यादव (पुत्र शंभू यादव) थे। जांच टीम ने पाया कि इन उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर से ऑनलाइन कनेक्शन कट चुके थे, इसके बावजूद इन्होंने ‘कटिया’ अवैध तार लगाकर बिजली का उपभोग जारी रखा था।
विभाग ने तत्काल दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया है। इस सख्त कार्रवाई को विजिलेंस और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया, जिसमें मुख्य रूप से विजिलेंस इंस्पेक्टर गोपाल यादव, जेई विजिलेंस पंकज कुमार सिंह,राज कुमार, अवर अभियंता नेवादा उपकेंद्र, प्रशांत शुक्ला, उपखंड अधिकारी रहे।
उपखंड अधिकारी (SDO) प्रशांत शुक्ला ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि उपभोक्ता किसी भी गलतफहमी में न रहें। उन्होंने कहा “स्मार्ट मीटर का कनेक्शन कटने पर उसे केवल ऑनलाइन रिचार्ज के माध्यम से ही वैध तरीके से चालू कराएं। यदि कोई भी व्यक्ति अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करते पाया गया, तो उस पर भारी जुर्माने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि जहाँ एक तरफ बिजली चोरों पर शिकंजा कसा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ डोर-टू-डोर’ अभियान चलाकर ईमानदार उपभोक्ताओं की स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। विभाग ने साफ कर दिया है कि यह छापेमारी अभियान आने वाले दिनों में और भी तेज किया जाएगा।





