बदायूं कोतवाली पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे, 6 लाख से अधिक के जेवरात बरामद, एक आरोपी अभी फरार, CCTV ने खोली पोल।

बदायूं जिले के थाना कोतवाली बदायूं पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने सिर्फ तीन दिन में चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से 612 ग्राम चांदी, 22.5 ग्राम सोने के जेवरात, 7110 रुपये नकद और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। बरामद जेवर की कीमत करीब 6.5 लाख रुपये आंकी जा रही है। तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इंद्रापुरम कॉलोनी गली नं. 02 निवासी मनोज कुमार सक्सैना 13 अप्रैल को परिवार के साथ वृंदावन-मथुरा घूमने गए थे। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी में रखे सोने-चांदी के सभी जेवरात गायब थे। पीड़ित की तहरीर पर 14 अप्रैल को थाना कोतवाली में मु.अ.सं. 80/2026 धारा 331(4), 305 BNS के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदया के कड़े निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध युवक घर में घुसते नजर आए। पहचान होने पर पुलिस ने 17 अप्रैल को सिरसा रोड से दो आरोपियों शाहिद पुत्र दिलशाद उर्फ कल्लू व मुशाहिद पुत्र दिलशाद उर्फ कल्लू को धर दबोचा।और तीसरा आरोपी फैज पुत्र रफ्फन निवासी नई सराये अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।





