31 मार्च को बसपा की अहम बैठक चुनाव की तैयारियों पर होगी चर्चा जिसमे प्रदेश व मंडल स्तर के पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है, साथ ही बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की भूमिका को लेकर भी फैसला हो सकता है।

बहुजन समाज पार्टी ने 31 मार्च को संगठन की अहम बैठक बुलाई है, इस बैठक को आगामी यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिसमें प्रदेश व मंडल स्तर के पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। माना जा रहा है कि इसमें बूथ गठन के काम की समीक्षा की जाएगी और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
साथ ही 14 अप्रैल को बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर जयंती को पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर मनाने की रणनीति भी तय हो सकती है। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की भूमिका को लेकर भी फैसला होने की अटकलें तेज हो गई हैं कि चुनाव से पहले उन्हें यूपी में जिलावार अभियानों की जिम्मेदारी दी जा सकती है। बसपा सूत्रों के अनुसार, पार्टी जल्द ही सेक्टर, बूथ, विधानसभा, जिला और मंडल स्तर पर बैठकें और जनसंपर्क अभियान शुरू करेगी।