पुलिस और बदमाश के मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी शार्प शूटर आशु उर्फ मोंटी का अंत मृतक आशु उर्फ मोंटी कुख्यात उधम सिंह गैंग का सक्रिय सदस्य था और उस पर हत्या, लूट व रंगदारी समेत करीब 36 मुकदमे दर्ज थे।

मुरादाबाद में पुलिस और बदमाश के मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी शार्प शूटर आशु उर्फ मोंटी का अंत हो गया। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पोस्टमार्टम हाउस के पास पुलिस ने संदिग्ध को रोकने की कोशिश की जिस पर बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस टीम द्वारा घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने घायल बदमाश को मृत घोषित कर दिया।
मृतक आशु उर्फ मोंटी कुख्यात उधम सिंह गैंग का सक्रिय सदस्य था और उस पर हत्या, लूट व रंगदारी समेत करीब 36 मुकदमे दर्ज थे। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। हाल ही में उसने एक बड़े व्यापारी से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक गैंग के सरगना उधम सिंह की जमानत के बाद पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पुलिस अलर्ट पर थी और लगातार बदमाशों की निगरानी की जा रही थी। मुठभेड़ के बाद मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल सहित कई अधिकारी पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।





