सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री सर्वसम्मति से चुने गए विधायक दल का नेता चौधरी ने कहा बिहार को और आगे ले जाने के लिए काम करूंगा।

पटना : सम्राट चौधरी को बीजेपी की विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया है। इसका सीधा मतलब हुआ कि सम्राट चौधरी बिहार के अगले सीएम होंगे। सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने रखा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपने के तुरंत बाद पटना स्थित बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया। सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने रखा। साथ ही बीजेपी नेता रेणु देवी ने भी अनुमोदन किया।
बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि बीजेपी ने काम करने का मौका दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, गृह मंत्री अमित शाह जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी को इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए सादर प्रणाम करता हूं और बिहार को और आगे ले जाने के लिए काम करूंगा।
सम्राट चौधरी ने विधायक दल की बैठक में अपने संबोधन के बाद सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से मुझ पर विश्वास जताते हुए भाजपा बिहार विधानमंडल दल के नेता का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है।
मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूं। उन्होंने आगे लिखा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगा। आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। जय बिहार, जय भारत।





