थाने से 500 मीटर दूर निर्माणाधीन भवन से समरसेबल उड़ा ले गए चोर लगातार चोरी की घटना से इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

वाराणसी। रोहनिया थाना अन्तर्गत परमानंदपुर स्थित गणेश नगर कॉलोनी में शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि में चोरों ने निर्माणाधीन मकान से समरसेबल, स्टार्टर सहित अन्य समान चुराकर फरार हो गए। गणेश नगर कॉलोनी में पिछले 10 दिनों के अन्दर चोरी की यह दूसरी घटना है, जबकि एक बार स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण चोर सफल नहीं हुए थे।
गौरतलब है कि परमानंदपुर स्थित गणेश नगर कॉलोनी रोहनिया थाना से मात्र 500 मीटर की दूरी पर है, फिर भी बेखौफ चोर लगातार चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। लगातार चोरी की घटना से इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार इलाके में रात होते ही नशेड़ियों का जमावड़ा शुरू हो जाता है।
मिली जानकारी के अनुसार, मकान मालिक ने निर्माण स्थल की निगरानी के लिए एक व्यक्ति को तैनात किया था। निगरानी कर रहे व्यक्ति ने पूछताछ में बताया कि वह रात करीब 01 बजे तक जाग रहा था, उसके बाद वह सो गया। इसी बीच रात लगभग 02 से 04 बजे के बीच चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए समरसेबल पंप चोरी कर लिया।
सुबह जब मकान मालिक को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत नजदीकी थाने में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फैंटम दस्ते के सिपाहियों को मौके पर भेजकर जांच-पड़ताल शुरू कराई।
पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की जल्द ही कार्रवाई करते हुए चोरों का पता लगाया जाएगा और चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, क्षेत्रीय लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से फैंटम दस्ते के गस्त बढ़ाने की मांग की है।





